अवैध खनिज उत्खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, जेसीबी सहित 3 वाहन जप्त

 

खैरागढ़,। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने 3 जून 2026 को खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम जोरातराई क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध खनन में संलग्न एक जेसीबी मशीन तथा ईंट परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों को जप्त किया है।

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक CG 07 NA 9128 की जेसीबी मशीन द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना खैरागढ़ में रखा गया है। वाहन चालक गिरवर पटेल निवासी पकबंधी, तहसील धमधा (जिला दुर्ग) तथा वाहन मालिक देवनाथ साहू निवासी साल्हेखुर्द, तहसील धमधा (जिला दुर्ग) बताए गए हैं।

इसके अलावा पिपरिया क्षेत्र से ईंटों का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को भी जप्त किया गया। ट्रैक्टर क्रमांक CG 08 AZ 2446 के मालिक आजेश प्रजापति निवासी मारूटोला, खैरागढ़ तथा ट्रैक्टर क्रमांक CG 08 AZ 3751 के मालिक संजय वर्मा निवासी मारूटोला, खैरागढ़ हैं। दोनों वाहनों को थाना खैरागढ़ की सुपुर्दगी में दिया गया है।

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज जांच दल द्वारा आगे भी निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu