किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त ,तोंगपाल में कृषि केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण, दो केंद्रों को कारण बताओ नोटिस

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देश एवं उपसंचालक कृषि श्री पी.आर. बघेल के मार्गदर्शन में विकासखंड छिंदगढ़ के तोंगपाल स्थित कृषि केंद्रों का कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कृषि केंद्रों में उपलब्ध उर्वरक, बीज एवं अन्य कृषि आदानों के भंडारण, विक्रय अभिलेखों, स्टॉक पंजी तथा आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच दल ने संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना प्रत्येक विक्रेता की जिम्मेदारी है। साथ ही कृषि आदानों के भंडारण एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर दो कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा, कृषि आदानों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

संयुक्त जांच दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री नरेश साहू, तहसीलदार तोंगपाल श्री सुनील ध्रुव, श्री कमलेश कश्यप, श्री सूरज दीवान, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री धनंजय सिन्हा तथा पटवारी श्री कुशल बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से किसानों में भरोसा बढ़ा है कि उन्हें समय पर और उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा तथा कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज