विश्व साइकिल दिवस : “स्वस्थ व्यक्ति ही मजबूत राष्ट्र की नींव” — भागवत शरण सिंह

 

फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, फतेह मैदान से निकली जागरूकता रैली

खैरागढ़। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवक कल्याण विभाग, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा रविवार को ऐतिहासिक फतेह मैदान से भव्य साइकिल रैली निकाली गई। जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स भागवत शरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड सदस्यों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस जागरूकता रैली के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम अपनाने और प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि भागवत शरण सिंह ने कहा कि आज के दौर में साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ईंधन की खपत और जीवनशैली जनित बीमारियों के बीच साइकिल का महत्व लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, “स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। साइकिल चलाने की आदत शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।”

भागवत सिंह ने युवाओं से मोबाइल और स्क्रीन आधारित जीवनशैली से बाहर निकलकर खेल, व्यायाम एवं साइकिलिंग जैसी गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से सप्ताह में कुछ समय साइकिल चलाने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में भी योगदान मिलेगा।

खेल एवं युवक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साइकिल एक किफायती, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन है, जिसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, समाजसेवी सूरज देवांगन, मंगल सारथी, उत्तम दशरिया, कौशल जैन और विनोद रजक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में सहायक खेल अधिकारी प्रिनकेश कश्यप, ताजू खान गौरी, कुशल धुरु, नंदस्वरी जोशी, निधि साहू एवं शिताषु गुप्ता का विशेष योगदान रहा। रैली ने युवाओं में फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज