35 प्रतिशत तक अनुदान के साथ खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को मिलेगा बढ़ावा

 

पीएमएफएमई योजना के तहत आटा चक्की, मसाला, मिठाई, आइसक्रीम सहित विभिन्न उद्यमों की स्थापना का अवसर

ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त कर सकते हैं विस्तृत जानकारी

खैरागढ़ । जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत इच्छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सूक्ष्म उद्यमों को औपचारिक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत आटा चक्की, मसाला पिसाई, टोस्ट निर्माण, बड़ी निर्माण, कुल्फी, आइसक्रीम, मिठाई, चिक्की सहित विभिन्न खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना अथवा उन्नयन के लिए परियोजना लागत पर 35 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा पशु चारा एवं मुर्गी चारा निर्माण जैसे उद्यम भी योजना के अंतर्गत पात्र होंगे।

योजना का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को सशक्त बनाना है। इससे जिले में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के विकास को भी गति मिलेगी।

योजना का लाभ लेने के इच्छुक आवेदक पीएमएफएमई पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवेदक का फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक (पिछले छह माह का विवरण), कोटेशन तथा राशन कार्ड की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, भू-तल गीता कॉम्प्लेक्स, साईं मंदिर के पास, कवर्धा रोड, खैरागढ़ में कार्यालयीन समय पर प्राप्त की जा सकती है। साथ ही सहायक प्रबंधक अर्जुन कुमार साहू से मोबाइल नंबर 9981866045 पर संपर्क कर भी जानकारी ली जा सकती है। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने जिले के इच्छुक युवाओं एवं उद्यमियों से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने की अपील की है।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu