नाली में सड़ रही व्यवस्था, सड़क पर बह रही प्रशासनिक लापरवाही

राजधानी से जनता तक | आरंग ।ग्राम पंचायत भैसमुड़ी के आश्रित ग्राम कुलीपोटा में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ती नजर आ रही है। गांव की सड़क पर बह रही गंदी नाली और चारों ओर फैली सड़ांध प्रशासनिक लापरवाही की कहानी बयां कर रही है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की नींद टूटने का नाम नहीं ले रही।

ग्रामीणों के अनुसार नाली की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। नाली कचरे और गाद से पूरी तरह जाम हो चुकी है, जिसके कारण दूषित पानी जमा होकर बदबू फैला रहा है। सड़क पर फैली गंदगी न केवल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही है बल्कि संक्रामक बीमारियों को भी खुला निमंत्रण दे रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि समय रहते सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है। डेंगू, मलेरिया, टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों को दी गई, लेकिन केवल आश्वासन मिला, समाधान नहीं।

एक ओर सरकार गांव-गांव स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुलीपोटा की यह तस्वीर उन दावों की पोल खोल रही है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्रामीण गंदगी, बदबू और संक्रमण के खतरे के बीच जीवन जीने को मजबूर रहेंगे? क्या प्रशासन किसी बड़ी बीमारी या जनाक्रोश का इंतजार कर रहा है?

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। 

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।