539 बच्चों को गांव में मिली शिक्षा की सुविधा, प्रवेशोत्सव में हुआ स्वागत
बीजापुर। कभी माओवादी हिंसा के कारण वीरान पड़े पीडिया क्षेत्र में अब बच्चों की किलकारियां और स्कूल की घंटियां गूंजने लगी हैं। 21 वर्षों बाद बीजापुर जिले के पीडिया क्षेत्र के 11 बंद स्कूलों का पुनः संचालन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और जिला प्रशासन के प्रयासों से अब 11 गांवों के 539 बच्चों को अपने ही गांव में शिक्षा की सुविधा मिल रही है।
प्रवेशोत्सव के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन और स्लेट वितरित कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया तथा शिक्षादूतों को शिक्षण सामग्री सौंपी। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बच्चों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर श्रीमती कोरसा ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे मजबूत नींव है और अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। सलवा जुडूम के दौरान माओवादी हिंसा के कारण पीडिया, पेदापाल, छोटेगोटोडी, कुएम, मदपाल, अंडरी, इडेनार, डोंडीतुमनार, मिरगानघोटूल, गमपुर और तमोड़ी सहित कई गांवों के स्कूल वर्षों से बंद थे। अब इन गांवों में फिर से पढ़ाई शुरू होने से बच्चों को दूर जाकर शिक्षा हासिल नहीं करनी पड़ेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि जिले में इस वर्ष अब तक 20 प्राथमिक और 17 उच्च प्राथमिक सहित कुल 37 बंद स्कूलों का पुनः संचालन शुरू किया जा चुका है। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि हर बच्चे को उसके मूल गांव में शिक्षा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पीडिया में 21 साल बाद स्कूलों का दोबारा खुलना केवल शिक्षा व्यवस्था की बहाली नहीं, बल्कि बदलते बस्तर में शांति, विकास और विश्वास की वापसी का भी प्रतीक माना जा रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






