30 छात्राओं को मिली साइकिल, बच्चों को बांटे गए बैग, किताबें और गणवेश; कलेक्टर बोले– अब सुकमा के छात्र NEET-IIT में बना रहे पहचान
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में शिक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बुधवार को शबरी ऑडिटोरियम में जिलास्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूप सिंह मंडावी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और तालियों की गूंज के बीच आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में शिक्षा के प्रति उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 30 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। वहीं प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और आवश्यक स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। समारोह में “कबाड़ से जुगाड़” विषय पर आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सुकमा के दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थी भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर NEET और IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग और सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
मुख्य अतिथि श्री रूप सिंह मंडावी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते सुकमा में अब शिक्षा ही सबसे बड़ी ताकत बन रही है। आज हर अभिभावक अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना चाहता है, क्योंकि शिक्षा ही उन्हें कलेक्टर, एसपी और अन्य उच्च पदों तक पहुंचाकर समाज की सेवा का अवसर देती है।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी ने आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सरकार और प्रशासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर, एसी ट्राइबल श्री हेमंत सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम, उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, जनपद अध्यक्ष श्री संतोष इडो, श्रीमती कुसुमलता कवासी, सांसद प्रतिनिधि श्री अरुण सिंह भदौरिया, श्री धनीराम बारसे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






