कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में हुई
समीक्षा, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
राजधानी से जनता तक/सुकमा। जिले के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक विकास की गति पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ‘बस्तर मुन्ने’, ‘सुशासन तिहार’, ‘सेवा सेतु पोर्टल’ और ‘सीएम हेल्पलाइन’ में लंबित आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए।
मानसून में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, लोगों को जागरूक करने के निर्देश
मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में उबला हुआ पानी पीने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष फोकस
बैठक में शिक्षा सत्र 2026-27 के तहत स्कूल छोड़ चुके और अप्रवेशी बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी-स्कूल लिंकेज योजना की समीक्षा की गई। साथ ही आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना, सामाजिक पेंशन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रकरणों और शासकीय भूमि आवंटन से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। सशक्त आंगनबाड़ी अभियान के प्रभावी संचालन और बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया।
निर्माण कार्यों की प्रगति तेज करने के निर्देश
बैठक में जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, उल्लास एकेडमी कोटा केबिन, विभिन्न लाइब्रेरियों, हड़मा स्टेडियम शेड निर्माण, पंचायत कैफे, सुकमा-गोलापल्ली सड़क निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विकास कार्यों की गति लगातार तेज रखी जाएगी।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।






