देवभोग में आजीविका डबरी व तालाबों में मछली बीज वितरण

हितग्राहियों को उपलब्ध कराया गया मछली बीज, ग्रामीणों को मिलेगा आजीविका का नया साधन

राजधानी से जनता तक/चरण सिंह 

देवभोग-11 जुलाई को देवभोग क्षेत्र में आजीविका मिशन के अंतर्गत आजीविका डबरी, नवीन तालाब एवं निजी डबरी-तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मछली बीज का वितरण किया गया। गरियाबंद मछली पालन विभाग द्वारा आयोजित इस वितरण कार्यक्रम में संबंधित सभी हितग्राहियों को मछली बीज उपलब्ध कराया गया।

 

यह मछली बीज वितरण मनरेगा विभाग के माध्यम से किया गया। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा मछली पालन के माध्यम से उनकी आजीविका को मजबूत करना है। मछली पालन शुरू होने से ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त हो सकेगा।

 

मछली बीज वितरण के दौरान हितग्राहियों में उत्साह देखने को मिला। विभागीय अधिकारियों द्वारा मछली पालन से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी हितग्राहियों को दी गई, ताकि तालाबों एवं डबरियों में बेहतर तरीके से मछली पालन किया जा सके और उत्पादन बढ़ाया जा सके।

 

मछली बीज वितरण के दौरान पीओ शिवप्रसाद नारंगे सहित मछली पालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजना का लाभ उठाने तथा मछली पालन को व्यवस्थित तरीके से करने के लिए प्रेरित किया।ग्रामीण क्षेत्र में मछली पालन को बढ़ावा देने की इस पहल से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर पैदा होने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हितग्राहियों ने मछली बीज उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है