जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न

रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनहित के मुद्दों तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में विभिन्न जिलों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सदस्यता अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही जनता से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा भी की गई।संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता से जोड़ने तथा जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में हसदेव अरण्य, तमनार एवं रायगढ़ क्षेत्र में जंगल कटाई और अवैध लकड़ी तस्करी पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ जनजागरण एवं आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान बालोद जिले के उन आठ सेनानियों का सम्मान किया गया जिन्होंने किसानों के हित में संघर्ष करते हुए जेल यात्रा की थी। वहीं पीपीएचटी परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को सहायता प्रदान कर परीक्षा में शामिल कराने वाले कार्यकर्ताओं की भी सराहना की गई। रायपुर जिले द्वारा मजदूर हित में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि संगठन ने कई मृतक मजदूर परिवारों को मुआवजा एवं आर्थिक सहायता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती और उससे आम जनता को हो रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में किसानों को खाद उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों तथा आम जनता, किसानों और मजदूरों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को गंभीर विषय माना गया। इन मुद्दों पर जिलेवार ज्ञापन, आवेदन एवं आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश में नाबालिग बेटियों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संगठन ने प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मूलनिवासी युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी लोगों को रोजगार दिए जाने के मामलों के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया गया।

औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा, जिला चिकित्सालयों की बदहाल स्थिति तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव पर भी चर्चा हुई। संगठन ने संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सुधार की मांग करने का निर्णय लिया।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी चिंता जताई गई। संगठन ने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली परिस्थितियां प्रदेश के भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं और इसके खिलाफ जनआंदोलन चलाया जाएगा।

सदस्यता अभियान की समीक्षा में बताया गया कि बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। संगठन विस्तार के तहत कई नए जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। बैठक में यह भी बताया गया कि बड़ी संख्या में महिलाएं संगठन से जुड़कर छत्तीसगढ़ के हित, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प ले रही हैं। बैठक के अंत में संगठन ने संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलनिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रखा जाएगा।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज