अक्ति तिहार पर कृषि विज्ञान केंद्र सुकमा में कृषि उत्सव का भव्य आयोजन

कलेक्टर ने भिंडी बुवाई कर दिया वैज्ञानिक खेती का संदेश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। अक्ति तिहार (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा में एक दिवसीय विशेष कृषि उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परंपरागत आस्था और आधुनिक कृषि तकनीकों का आकर्षक समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में सुकमा कलेक्टर श्री अमित कुमार, भारतीय किसान संघ के महामंत्री श्री धरम नाग तथा प्राकृतिक खेती के प्रगतिशील कृषक श्री नंदा नाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लगभग 64 किसानों के साथ-साथ कृषि संकाय की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों—मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, वर्मी कम्पोस्ट एवं प्राकृतिक खेती—का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र को किसानों के लिए “जीवंत प्रयोगशाला” बताते हुए इसकी उपयोगिता की सराहना की।
कलेक्टर ने केंद्र में 15 एकड़ क्षेत्र में फलोद्यान विकसित करने के लिए अमरूद, आम, नारियल, काजू, पाइनएप्पल, ड्रैगन फ्रूट एवं एप्पल बेर जैसे फलदार पौधों के रोपण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से वित्तीय सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने आधारभूत संरचना विकास के तहत पुलिया निर्माण, ट्यूबवेल एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी सहायता प्रदान करने की बात कही।
इस अवसर पर कलेक्टर ने स्वयं भिंडी के बीज की बुवाई कर किसानों को समय पर खेती प्रारंभ करने और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने ड्रैगन फ्रूट, एप्पल बेर, आम, पाइनएप्पल और मुनगा (सहजन) जैसी उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इनसे किसानों की आय में वृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे और जिले की कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री एच.एस. तोमर, डॉ. परमानंद, डॉ. योगेश कुमार सिदार एवं डॉ. गुंजेश्री गोंड सहित कृषि विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। BGA उत्पादन प्रभारी डॉ. परमानंद ने नील-हरित शैवाल का जीवंत प्रदर्शन कर इसके जैव उर्वरक के रूप में उपयोग और लाभों की जानकारी दी।
अंत में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री एच.एस. तोमर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में केंद्र के कर्मचारियों—संगीता, कुंदन, मुन्ना, राविल, विक्रम एवं ओमप्रकाश—के योगदान की सराहना की।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है