ऑनलाइन अटेंडेंस से मिलेगी सैलरी, ई-ऑफिस से चलेगी हर फाइल

कलेक्टर अमित कुमार का बड़ा फैसला, प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही पर सख्ती

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

 

सुकमा। जिला प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में कलेक्टर अमित कुमार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब जिले के अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन ऑनलाइन उपस्थिति (ऑनलाइन अटेंडेंस) के आधार पर जारी होगा। इसके साथ ही सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू कर हर फाइल की ऑनलाइन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार एवं पीजीएन पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों को समय पर राहत पहुंचाना है।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर तथा शाम 5:30 बजे कार्यालय से निकलते समय ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि वेतन का भुगतान ऑनलाइन अटेंडेंस के आधार पर किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि फाइलों का संपूर्ण मूवमेंट ऑनलाइन हो, ताकि प्रशासनिक कार्यों में गति आए और पारदर्शिता एवं जवाबदेही और मजबूत हो।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों के अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि केवल कागजी कार्रवाई या औपचारिक निराकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक आवेदन का समाधान आवेदक की संतुष्टि और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

वर्षाकाल को देखते हुए कलेक्टर ने विद्युत, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज