ओवर स्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव पर चलेगा विशेष अभियान, कलेक्टर ने दिए निर्देश : नाबालिग वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई, स्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाने की तैयारी

 

सड़क सुरक्षा के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान, आवारा पशुओं व भूस्खलन रोकथाम पर भी जोर

खैरागढ़, । जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, आवारा पशुओं की समस्या तथा वर्षाकालीन सुरक्षा उपायों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर चंद्रवाल ने रात्रिकालीन समय में ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में स्पीड डिटेक्शन कैमरे स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार करते हुए संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार करने कहा गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में बरसात के मौसम के दौरान आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को शहरी गौठान की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा कांजी हाउस एवं गौधामों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को इस दिशा में प्रभावी पहल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत प्रकरणों के समयबद्ध सत्यापन, हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने तथा ई-डीएआर (eDAR) प्रणाली के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

वर्षाकाल में सालेवारा घाटी क्षेत्र में संभावित भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षात्मक नेट लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर चंद्रवाल ने नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित करने, शराब दुकानों के बाहर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा रात्रिकालीन जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से ड्रंक एंड ड्राइव मामलों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीजे वाहनों एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए साउंड डेसिबल मीटर के उपयोग पर भी बल दिया गया।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सतत प्रयास करने की बात कही। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज