रायपुर, 18 जून 2026 / प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन आज गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के प्रवास के दौरान मंगली बाजार, गौरेला स्थित सांस्कृतिक भवन में आयोजित प्रबुद्धजन एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया। अपने संबोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार का गठन जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सफलता का प्रमाण है। यह 140 करोड़ भारतीयों की विकास यात्रा है, जिसमें सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को साकार किया गया है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है। भारत को विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सड़क, रेल और डिजिटल क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है तथा वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारत की नई पहचान बनकर उभरी है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि डिजिटल इंडिया, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचा है। वहीं, मुफ्त राशन, पीएम किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण, तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में किए गए प्रयासों तथा युवाओं और किसानों के लिए संचालित योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। गांवों में सीसी रोड, आंगनबाड़ी भवन, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




