जनदर्शन मामलों में लापरवाही पर डीईओ को कलेक्टर का नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

राजधानी से जनता तक कोरबा। जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण में लापरवाही और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर अभिलेखों सहित उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पाया कि जनदर्शन में प्राप्त कई शिकायतों का न तो समय पर निराकरण किया गया और न ही उनकी प्रगति संबंधी संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत की गई। इसे प्रशासनिक जवाबदेही में गंभीर लापरवाही माना गया।

 

समीक्षा के दौरान हाईस्कूल गोपालपुर में मानदेय गणित व्याख्याता की भर्ती में अधिक अंक प्राप्त अभ्यर्थी के चयन नहीं होने की शिकायत, सेवानिवृत्त शिक्षक को देय राशि के भुगतान का मामला, मानदेय शिक्षक चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितता तथा छात्र सुरक्षा बीमा योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराने से जुड़े प्रकरण लंबित पाए गए। कलेक्टर ने इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।

 

बैठक में यह भी सामने आया कि सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली से दसवीं तक निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग और उसकी प्रगति संबंधी जानकारी भी शिक्षा विभाग संतोषजनक ढंग से प्रस्तुत नहीं कर सका। कलेक्टर ने इसे शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों के प्रति उदासीनता माना।

 

नोटिस में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिवस के भीतर संबंधित अधिकारियों और आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण दें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनदर्शन में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Sangam Dubey
Author: Sangam Dubey

छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com