जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाला सुकमा अब विकास, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याण की नई पहचान गढ़ रहा है। इस बदलाव की मिसाल पेश करते हुए छिंदगढ़ निवासी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालक (VLE) चंद्रशेखर साहू को ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट डिजिटल एवं बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है।
पिछले 15 वर्षों से लगातार जनसेवा में जुटे चंद्रशेखर साहू ने दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में डिजिटल सेवाओं का ऐसा नेटवर्क खड़ा किया है, जिसने हजारों ग्रामीणों का जीवन आसान बना दिया। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के बैंक मित्र (BC) के रूप में उन्होंने अब तक 50 हजार से अधिक बैंक खाते खुलवाए हैं तथा प्रतिदिन ग्रामीणों को बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन की सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ उन्होंने आधार पंजीयन, बीमा, महतारी वंदन योजना, श्रम योगी मानधन, किसान पंजीयन, लेबर पंजीयन, एग्रीटेक सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर चंद्रशेखर साहू ने अपनी सफलता का श्रेय सीएससी जिला प्रबंधक (DM) शेख शाहरुख के मार्गदर्शन और पूरी जिला टीम के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी टीम के सहयोग और विश्वास के कारण ही ग्रामीणों तक डिजिटल सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाना संभव हो सका।
यह सम्मान केवल चंद्रशेखर साहू की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सुकमा जिले के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, समर्पण और सही मार्गदर्शन से सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी विकास और डिजिटल परिवर्तन की नई इबारत लिखी जा सकती है।
सुकमा अब केवल नक्सलगढ़ नहीं, बल्कि डिजिटल सशक्तिकरण और विकास की नई पहचान बनता जा रहा है, जिसकी प्रेरणादायक तस्वीर चंद्रशेखर साहू जैसे जनसेवक प्रस्तुत कर रहे हैं।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






