पीएम सूर्यघर योजना से बदली सतेंद्र कुमार की जिंदगी, चार माह से बिजली बिल आया शून्य

 

खैरागढ़ ।  प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। ग्राम बेन्द्रिडीह के निवासी सतेंद्र कुमार ने इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने घर का बिजली खर्च समाप्त कर दिया है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भी भेज रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में, जब अधिकांश परिवार बढ़ते बिजली बिलों से परेशान हैं, वहीं सतेंद्र कुमार का बिजली बिल पिछले चार महीनों से लगातार शून्य आ रहा है।

सतेंद्र कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने से पहले उनके घर का बिजली बिल औसतन 1500 रुपये प्रतिमाह आता था। गर्मी के दिनों में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग से यह खर्च और बढ़ जाता था। इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त भार पड़ता था। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराने के बाद उनकी स्थिति पूरी तरह बदल गई है।

उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम लगने के बाद घर की बिजली आवश्यकता पूरी तरह सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। पिछले चार महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है, जिससे हर महीने होने वाला खर्च बच रहा है। बीते महीने उनके सोलर सिस्टम ने कुल 478 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिसमें से 376 यूनिट बिजली ग्रिड को एक्सपोर्ट की गई। यह दर्शाता है कि उनकी आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन हुआ, जिसका लाभ नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से मिला।

सतेंद्र कुमार का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उन्हें आर्थिक राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा अपनाने का अवसर भी दिया है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील की है ताकि वे भी बिजली खर्च में बचत कर सकें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें ।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा बिजली खर्च को कम करना है। ग्राम बेन्द्रिडीह के सतेंद्र कुमार की सफलता इस योजना की प्रभावशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है और क्षेत्र के अन्य परिवारों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज