प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस विभाग में शोक की लहर

 

खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा इलाके में अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी शनिवार तड़के सामने आने के बाद पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपनी पत्नी और बेटी के साथ दाऊचौरा स्थित घर में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के अन्य सदस्य घर के एक कमरे में सोए हुए थे, जबकि शीतल यादव हॉल में सोए थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा।

घटना देखकर पत्नी घबरा गई और घर से बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के इस तरह अचानक निधन से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज