जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा।बस्तर में शांति और विकास की नई इबारत लिखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा प्रवास के दौरान मिनी स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा में 308 करोड़ रुपए के 228 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब 40 वर्षों से पिछड़े क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब भय और आतंक से मुक्त होकर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
“अब बंदूक नहीं, विकास की गूंज सुनाई देगी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विशेष प्रयासों से बस्तर में माओवाद का अंत संभव हो पाया है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा—
“जहां कभी गोलियों की आवाज गूंजती थी, वहां आज स्कूलों की घंटियां सुनाई दे रही हैं।”
बताया गया कि 3000 से अधिक माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर लोकतंत्र में विश्वास जताया है और अब उन्हें पुनर्वास केंद्रों में प्रशिक्षण देकर नई जिंदगी दी जा रही है।
‘नियद नेल्लानार 2.0’ से मिलेगा व्यापक लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत बीते दो वर्षों में 500 से अधिक गांवों में 17 विभागों द्वारा 45 योजनाएं संचालित की गईं।
अब ‘नियद नेल्लानार 2.0’ के तहत इस योजना का विस्तार कर 10 जिलों को शामिल किया गया है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
8 बड़ी घोषणाएं –
विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने मंच से जिन प्रमुख विकास कार्यों की घोषणा की, उनमें शामिल हैं:
सुकमा से मलकानगिरी (ओडिशा) तक 10 किमी सड़क डामरीकरण
चेरला-पेद्दा में 3 करोड़ से राम मंदिर जीर्णोद्धार
उतेरा-पटेलपारा में सड़क निर्माण
दोरनापाल में बस स्टैंड निर्माण
काली मंदिर बस स्टैंड में सामुदायिक भवन
बेड़मापारा में विभिन्न निर्माण कार्य
कोरगांव-दुगली में शबरी नदी पर पुलिया
नकटी तालाब का सौंदर्यीकरण
स्वास्थ्य सेवाओं में भी तेजी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि अब बस्तर में स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से घर-घर पहुंचेंगी।
7 जिलों में 1100 टीमें बनाकर हर घर में स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
मुख्य सचिव विकास शील ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान और अटल आरोग्य लैब से ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने खुद कराया स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और खुद भी बीपी जांच करवाई।
उन्होंने मोतियाबिंद के मरीजों को अपने हाथों से चश्मा पहनाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
साथ ही हितग्राहियों को चेक, ट्रायसिकल, प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्री वितरित की।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य सु श्री दीपिका शोरी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे, केआईजी सुंदरराज पी., कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर अमित कुमार, एसपी किरण चव्हाण सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुकमा में आयोजित यह कार्यक्रम बस्तर के इतिहास में एक टर्निंग पॉइंट के रूप में देखा जा रहा है। नक्सलवाद के साए से बाहर निकलकर अब बस्तर विकास, विश्वास और समृद्धि की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




