बागुर समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 622 आवेदन प्राप्त, 130 हितग्राहियों को मिला लाभ

 

खैरागढ़, । सुशासन तिहार-2026 के तहत विकासखंड छुईखदान की ग्राम पंचायत बागुर में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। बागुर क्लस्टर की 17 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी मांगों, समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में लालपुर, चिलगुड़ा, पेंडरवानी, बरबसपुर, संबलपुर, भुरभुसी, बागुर, गोकना, कांशीटोला, पथर्रा, मुंडाटोला, खौड़ा, दुल्लापुर, ढाबा, लिमो, नादिया और देवपुरा गंडई सहित 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विभागीय स्टॉलों में आवेदन जमा कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में कुल 622 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 609 मांगों तथा 13 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। विभिन्न विभागों द्वारा 130 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने समाधान शिविर को प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाला प्रभावी माध्यम बताया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनहितैषी सोच का सशक्त उदाहरण है। इसके माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं के तहत मिला लाभ

शिविर परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी प्रदान की गई, वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2 स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 हितग्राहियों को सुपोषण किट तथा 15 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की। शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त 14 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। उद्यानिकी विभाग ने 5 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट तथा समाज कल्याण विभाग ने 7 हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष राजू जंघेल, नगर पंचायत गंडई के उपाध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम छुईखदान अविनाश ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान केशवरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज