जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे बोले – समाज में एकता, समानता और समरसता का संदेश लेकर गांव-गांव जाएगी कलश यात्रा
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल से युक्त कलश को पूरे सुकमा जिले के सभी मंडलों तक ले जाकर समाज में समरसता, समानता और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संत गुरु रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भाजपा उनके जीवन-दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में कलश यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने और समानता का संकल्प मजबूत करने का अभियान है।
उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर के श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की उपस्थिति में वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल का पूजन किया जाएगा। इसके बाद पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, साधु-संतों तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।
धनीराम बारसे ने कहा कि इसके बाद यह पवित्र कलश प्रदेश के 479 मंडलों और सुकमा जिले के सभी मंडलों में पहुंचेगा, जहां कलश यात्रा, जनसंपर्क और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक लगातार जारी रहेगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को संत रविदास के समानता, भाईचारे और सद्भाव के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाराणसी की पवित्र माटी और जल से युक्त यह कलश पूरे जिले में भ्रमण कर लोगों को सामाजिक सद्भाव, समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगा तथा संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






