सुकमा तहसील कार्यालय में अनियमितताओं का आरोप, कलेक्टर से की गई शिकायत

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा, 4 मई 2026। जिले के सुकमा तहसील कार्यालय में कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश नाग ने कलेक्टर सुकमा को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि तहसील कार्यालय में पदस्थ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर रजिस्ट्री एवं ऑनलाइन कार्यों में अनधिकृत हस्तक्षेप किया जा रहा है। बताया गया है कि उक्त कर्मचारी मूल रूप से अन्य विभाग का होने के बावजूद तहसील में अटैच किया गया है और वर्तमान में वह रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों को नियंत्रित कर रहा है।
पत्र के अनुसार, आम नागरिकों को रजिस्ट्री कराने के लिए उसी कर्मचारी के माध्यम से गुजरना पड़ता है, जबकि बिना उसकी अनुमति कार्य आगे नहीं बढ़ता। इससे न केवल कार्य में देरी हो रही है, बल्कि अनावश्यक दबाव और असुविधा भी उत्पन्न हो रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारी स्वयं को तहसीलदार का करीबी बताकर अन्य कर्मचारियों पर प्रभाव बना रहा है, जिससे कार्यालय का वातावरण प्रभावित हो रहा है। कई मामलों में पक्षपातपूर्ण व्यवहार और पहचान के आधार पर कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने की भी बात सामने आई है।
इसके अलावा, ऑनलाइन सेवाएं जैसे खसरा-नक्शा आदि, जो पारदर्शिता के उद्देश्य से लागू की गई हैं, वे भी कथित रूप से उसी कर्मचारी के माध्यम से संचालित की जा रही हैं, जो प्रशासनिक नियमों के विपरीत बताया गया है।
कलेक्टर से मांग
बस्तरिया राज युवा मोर्चा ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, तहसील कार्यालय में कार्यों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने हेतु उचित दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।
इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें जांच एवं कार्रवाई पर टिकी हैं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज