सुकमा बना ‘सिक्योर सिटी’ मॉडल ,हाईटेक सर्विलांस सिस्टम से 24×7 निगरानी, अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देते हुए “सिक्योर सिटी सुकमा” मिशन के तहत अत्याधुनिक सर्विलांस सिस्टम लागू किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शहर में सेंट्रलाइज्ड सर्विलांस एवं कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था अब पूरी तरह हाईटेक हो गई है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण (IPS) के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के तहत शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थलों पर 40 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी जिला कंट्रोल रूम से 24×7 की जा रही है, जिससे शहर की हर गतिविधि पर सतत नजर रखी जा रही है।

कम समय में दिखे असरदार परिणाम

सर्विलांस सिस्टम ने बेहद कम समय में अपनी उपयोगिता साबित कर दी है—
18 अप्रैल 2026 को 12 वर्षीय बालक के गुम होने के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज 8 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल खोज लिया गया।
19 अप्रैल 2026 को सर्किट हाउस के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक पुलिस जवान की मौत के मामले में भी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की गई।

अपराध नियंत्रण में तकनीक बनी ताकत

यह आधुनिक सिस्टम न केवल अपराधों की रोकथाम में सहायक साबित हो रहा है, बल्कि घटनाओं के बाद सटीक साक्ष्य जुटाने, त्वरित विश्लेषण और आरोपियों की पहचान में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

नागरिकों में बढ़ा भरोसा

सीसीटीवी नेटवर्क से शहर में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है। साथ ही यह व्यवस्था यातायात प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में भी कारगर साबित हो रही है।

पुलिस की अपील

जिला पुलिस सुकमा ने नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं, ताकि व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ शहर की सामूहिक सुरक्षा भी मजबूत हो सके।

सुरक्षित सुकमा की ओर कदम

जिला पुलिस प्रशासन नागरिकों के सहयोग से सुकमा को सुरक्षित, सशक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। “सिक्योर सिटी सुकमा” मिशन इसी दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है