जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदी-नालों के उफान को देखते हुए सुकमा जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। कलेक्टर अमित कुमार स्वयं हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सभी विभागों को 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। नगरसेना की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमें नाव, लाइफ जैकेट और आधुनिक उपकरणों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दी गई हैं।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और बहते पानी को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए प्रशासन की सलाह का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।
प्रशासन ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और मैदानी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, मरीजों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़, जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने या किसी के फंसे होने की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष – 07864-284012 पर तत्काल दी जा सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
जिला प्रशासन का संदेश साफ है—”सुरक्षा सबसे पहले”। प्रशासन पूरी तैयारी के साथ मानसून की हर चुनौती से निपटने के लिए मुस्तैद है और नागरिकों से सहयोग एवं सतर्कता बनाए रखने की अपील की गई है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






