बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन की अनोखी पहल, माताओं की भागीदारी से अभियान को मिली नई दिशा
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर पोषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुकमा प्रशासन द्वारा ‘पोषण पखवाड़ा’ की शुरुआत की गई है। यह अभियान 9 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक जिले की सभी बालवाड़ियों में संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन, सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मण्डावी के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को सुदृढ़ करना है।
इस पखवाड़े की खास बात यह है कि इसमें 5 से 6 वर्ष के बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं की भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इससे बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को एक मजबूत आधार मिल रहा है और परिवार स्तर पर भी जागरूकता बढ़ रही है।
अभियान के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को बढ़ावा दिया जा रहा है। बच्चों को खेल-आधारित और सहज वातावरण में सीखने के अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और मानसिक विकास में सकारात्मक सुधार हो रहा है।
पोषण पखवाड़ा के दौरान बालवाड़ियों में कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इनमें
पौष्टिक आहार के महत्व पर जागरूकता,
बच्चों को संतुलित एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना,
बाल संरक्षण एवं सुरक्षा नियमों की जानकारी,
शिक्षक-पालक बैठकें
जैसी गतिविधियाँ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रशासन की इस सराहनीय पहल से न केवल बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को मजबूती मिल रही है, बल्कि अभिभावकों में भी पोषण और देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। यह अभियान सुकमा जिले में एक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त भविष्य की दिशा में मजबूत कदम साबित हो रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




