मनरेगा और धान खरीदी को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

गांधी जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का चक्काजाम

राजधानी से जनता तक खरोरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में खरोरा ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल चक्काजाम कर राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मनरेगा को कमजोर करने और धान खरीदी में किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया। चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, किसानों और मनरेगा मजदूरों ने सड़क पर उतरकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।

नेताओं ने सरकार को घेरा

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए गिरीश देवांगन (पूर्व अध्यक्ष, खनिज विकास निगम) ने कहा कि आज किसान और मजदूर दोनों ही सबसे ज्यादा परेशान हैं। मंडियों में धान बेचने के लिए किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। टोकन, तौल और भुगतान की समस्याओं ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है, जबकि सरकार सिर्फ विज्ञापनों में व्यस्त है।

छाया वर्मा (पूर्व राज्यसभा सांसद) ने कहा कि महात्मा गांधी के अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए कांग्रेस आज अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। केंद्र सरकार जानबूझकर मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर कर रही है, जो सीधे गरीबों और मजदूरों के जीवन से जुड़ी है। ‘विकसित भारत’ केवल एक नारा बनकर रह गया है।

पप्पू राजेंद्र बंजारे (जिला कांग्रेस अध्यक्ष) ने कहा कि किसान कड़ाके की ठंड में मंडियों में धान बेचने को मजबूर है, लेकिन अव्यवस्था के कारण उसकी सुनवाई नहीं हो रही। जब तक हर किसान का धान सुचारु रूप से नहीं बिकेगा, कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी।

अश्वनी वर्मा (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष) ने कहा कि मनरेगा में काम लगभग बंद है और मजदूरों का भुगतान महीनों से लंबित है। सरकार की नीतियां केवल उद्योगपतियों के हित में हैं। यह चक्काजाम आंदोलन की शुरुआत है, जो गांव-गांव तक पहुंचेगा।

किसानों-मजदूरों का मिला समर्थन

चक्काजाम में बड़ी संख्या में किसान और मनरेगा मजदूर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि धान खरीदी की अव्यवस्थाओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा मनरेगा के तहत पर्याप्त काम और समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव विश्वनाथ मिश्र, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष देवव्रत नायक, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र गिलहरे, मंडल अध्यक्ष श्यामलाल बघेल, मुकेश साहू, अभिषेक वर्मा, मनरेगा बचाओ संग्राम के ब्लॉक समन्वयक खूबी डहरिया, पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस जुबेर अली, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज