39 वर्षों की सेवा का सम्मान, पीपीओ पाकर भावुक हुए श्री आसमान माँझी
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिला प्रशासन सुकमा द्वारा संवेदनशीलता और कर्मचारी हितैषी प्रशासन की एक सराहनीय मिसाल उस समय देखने को मिली, जब सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा, जिला सुकमा में पदस्थ जलवाहक श्री आसमान माँझी को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया गया।
श्री आसमान माँझी का शासकीय सेवाकाल वर्ष 1988 से 30 जनवरी 2026 तक रहा। लगभग 39 वर्षों की लंबी सेवा अवधि में उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सुकमा जैसे दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित जिले में दीर्घकाल तक सेवा देने के पश्चात सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त सेवानिवृत्ति स्वत्वों के भुगतान से संबंधित प्रमाण पत्र प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण बन गया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर द्वारा कलेक्टर कक्ष में श्री माँझी को पीपीओ प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रशासन की मानवीय सोच और कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
पीपीओ प्राप्त करते समय श्री आसमान माँझी भावुक हो उठे। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति, विशेष रूप से कलेक्टर श्री अमित कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी औपचारिकताओं का पूर्ण होना उनके जीवन का एक अविस्मरणीय और सम्मानजनक क्षण है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




