डीएमएफ फंड से अस्थि रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, अब मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेग
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – नक्सल प्रभावित और दूरस्थ जिले सुकमा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। लगभग दो वर्षों से बंद पड़े जिला अस्पताल के अस्थि (हड्डी) रोग विभाग में ऑपरेशन की सुविधा फिर से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जिला प्रशासन के प्रयासों से यह संभव हो सका है, जिससे जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में 12 मार्च से जिला अस्पताल में हड्डी रोग से संबंधित सर्जरी दोबारा शुरू की गई। शुरुआत के पहले दो दिनों में ही चार जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए, जो जिले के स्वास्थ्य तंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति से मिली नई सुविधा
जिला प्रशासन ने डीएमएफ फंड के माध्यम से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप वर्मा (एमएस ऑर्थो) की नियुक्ति की है। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला अस्पताल में हड्डी रोग से जुड़ी सर्जरी सेवाएं व्यवस्थित रूप से शुरू कर दी गईं। इससे अब जिले के मरीजों को गंभीर हड्डी रोग के इलाज के लिए बाहर के बड़े शहरों या निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने की मजबूरी नहीं रहेगी।
दो दिन में चार सफल ऑपरेशन
ऑर्थोपेडिक सर्जरी की शुरुआत काफी सफल रही। 12 मार्च को तीन मरीजों के जटिल ऑपरेशन किए गए, जबकि 13 मार्च को एक और सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इन ऑपरेशनों से लाभान्वित होने वालों में ग्राम बड़े मुरको के 45 वर्षीय बीरा मण्डावी (हाथ एवं पैर का ऑपरेशन), सुकमा के 40 वर्षीय नीतेश साहू (पैर का ऑपरेशन) और ग्राम किकिरपाल के 65 वर्षीय मड़कम मासे शामिल हैं। सभी मरीज फिलहाल जिला अस्पताल के ऑर्थो सर्जरी वार्ड में भर्ती हैं और तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर
जिला अस्पताल में निःशुल्क सर्जरी की सुविधा शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मरीजों और उनके परिजनों ने राज्य सरकार और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताया है।
सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप ने बताया कि जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों और सहयोग से यह सुविधा दोबारा शुरू हो सकी है। सुदूरवर्ती सुकमा जैसे जिले के लिए यह बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि अब यहां के ग्रामीणों को अपने ही जिले में आधुनिक और निःशुल्क सर्जिकल चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं में नई उम्मीद
जिला अस्पताल में हड्डी रोग ऑपरेशन की शुरुआत सुकमा जिले के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। आने वाले समय में इससे जिले के हजारों मरीजों को लाभ मिलने की संभावना है और स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




