जिला प्रमुख नवीन दांदडें /कोंटा,। आम आदमी पार्टी (आप) जिला सुकमा की टीम ने कोंटा ब्लॉक अस्पताल का निरीक्षण कर जीर्णोद्धार कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पार्टी के जिला मोर्चा अध्यक्ष हसनेन रजा एवं अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में किए गए इस दौरे में अस्पताल भवन की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई।
आप की टीम के अनुसार, लगभग 78 लाख रुपये की लागत से किए गए जीर्णोद्धार कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि पुराने और जर्जर भवन के ऊपर ही निर्माण कार्य कर दिया गया है, जो न केवल खतरनाक है बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत खराब है और निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया। इससे स्पष्ट होता है कि संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार इंजीनियरों ने अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरती है तथा सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है।
इस दौरान यूथ अध्यक्ष हसनैन रजा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अस्पताल लोगों के जीवन से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील स्थान होता है, जहां मरीज इलाज के लिए आते हैं। यदि भवन की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, जिससे कई निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने प्रमुख रूप से निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई, भवन की तकनीकी जांच और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।
पार्टी ने कहा कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द से जल्द उचित कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता का भरोसा कायम रह सके।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




