घटारानी के जंगल में खौफ: पानी पीने रुके युवक पर भालू का खूनी हमला, जांघ नोची—ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान”

गरियाबंद-:जिले के वनांचल क्षेत्र में एक बार फिर जंगली जानवरों का आतंक सामने आया है। घटारानी के घने जंगल में एक युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया।

घटना इतनी भयावह थी कि युवक की जान पर बन आई, लेकिन ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लोहरसी निवासी राजकुमार यादव आज दोपहर करीब 12 बजे घटारानी क्षेत्र के केडी आमा (रमनपुर) गांव में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में तेज धूप और प्यास लगने पर वे जंगल किनारे पानी पीने के लिए रुके। तभी झाड़ियों में छिपा भालू अचानक बाहर निकला और उन पर हमला कर दिया।

भालू ने हमला करते हुए राजकुमार यादव की दाहिनी जांघ को दांतों से बुरी तरह काट लिया, जिससे भारी मात्रा में खून बहने लगा। इतना ही नहीं, भालू ने अपने तेज नाखूनों से पैर को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक बुरी तरह घबरा गया, लेकिन किसी तरह खुद को बचाते हुए मौके से निकलने में सफल रहा।

घायल अवस्था में करीब दूरी तय कर वे केडी आमा गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीण बने जीवन रक्षक

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए वन विभाग को सूचना दी और घायल को अपने साधनों से शासकीय अस्पताल खडमा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर बताई जा रही है।

“आज दूसरा जन्म मिला” – पीड़ित

हमले से सहमे राजकुमार यादव ने बताया कि अगर भालू कुछ देर और हमला करता तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने इसे “दूसरा जन्म” बताते हुए भगवान, ग्रामीणों और वन विभाग का आभार जताया।

बढ़ता वन्यजीव खतरा, जिम्मेदार कौन?

घटारानी और रमनपुर क्षेत्र घने जंगलों से घिरा है, जहां भालू, तेंदुआ जैसे वन्य जीवों की सक्रियता लगातार बनी रहती है। लगातार सामने आ रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि जंगल से लगे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ता जा रहा है।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों और वनोपज संग्राहकों से अपील की है कि—
जंगल में अकेले न जाएं
सुबह-शाम के समय विशेष सावधानी बरतें

शोर करते हुए चलें, ताकि जंगली जानवर दूर रहें
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें

घटारानी की यह घटना एक चेतावनी है कि जंगल से लगे इलाकों में अब हर कदम सोच-समझकर रखना होगा। जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, लेकिन समय पर मदद और जागरूकता से ऐसी घटनाओं को टाला जा सकता है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है