पत्रकार पर हमले के विरोध में रायपुर प्रेस क्लब का निंदा प्रस्ताव, सख्त कार्रवाई की मांग

रायपुर । सारंगढ़ में पत्रकार पोसराम साहू के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आपात बैठक आयोजित की। बैठक में सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार पोसराम साहू ने प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी और वरिष्ठ पत्रकारों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान आस्मीन बरेठ को लंबे समय से कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसी सिलसिले में वे किसान के पुत्र के साथ कृषि ग्रामीण विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल से मिलने कार्यालय पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान अधिकारी प्रवीण पटेल ने पोसराम साहू के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना 16 अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिस पर प्रेस क्लब ने चिंता जताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने सारंगढ़ कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब ने निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि पत्रकारों के साथ इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

इस संबंध में रायपुर प्रेस क्लब ने कृषि विभाग, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ को पत्र भेजकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

टॉप स्टोरीज