रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत अप्रैल 2026 में 426 गुमशुदा बच्चों और वयस्कों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान को बड़ी सफलता माना जा रहा है।अभियान के दौरान दस्तयाब किए गए कुल 426 व्यक्तियों में 7 बालक, 31 बालिकाएं, 272 महिलाएं और 116 पुरुष शामिल हैं। इन सभी को सुरक्षित उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस टीमों ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाकर तलाश अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में तीनों जोन के डीसीपी द्वारा थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने तकनीकी संसाधनों और सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए अभियान को अंजाम दिया।थाना स्तर पर डीडी नगर, उरला और पुरानी बस्ती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खासतौर पर थाना उरला की टीम ने एक नाबालिग अपहृता को 48 घंटे के भीतर महाराष्ट्र के सोलापुर से दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सौंपा।
पुलिस कमिश्नर ने अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि गुमशुदा व्यक्तियों को जल्द से जल्द उनके परिवारों से मिलाया जा सके।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




