राजधानी से जनता तक कोरबा | कोरबा साइबर पुलिस ने “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को कम किस्तों पर बैंक लोन दिलाने का प्रलोभन देकर उनके खातों से रकम निकलवा लेता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि में से 27,070 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, जिला शक्ति, वर्तमान में रिस्दी (बालको) में रह रहा था। जांच में सामने आया कि वह यूट्यूब से साइबर ठगी के तरीके सीखकर लोगों को आसान किस्तों पर बैंक लोन दिलाने का झांसा देता था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी विभिन्न लोगों के नाम पर सिम कार्ड हासिल करता था और उन्हीं का उपयोग साइबर अपराध में करता था। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए संबंधित सिम कार्ड नष्ट कर देता था।
जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2023 में भी उसने एक व्यक्ति को लोन दिलाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक क्षेत्र की व्यवसायी महिला नोनी बाई यादव को मात्र 11 हजार रुपये मासिक किस्त पर 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने महिला के मोबाइल में संचालित फोनपे का इस्तेमाल कर 40,500 रुपये एक अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद वह खाताधारक के साथ बैंक पहुंचा और नकद राशि निकलवाकर अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 27,070 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य साइबर ठगी के मामलों में भी शामिल रहा है या नहीं।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लोन, निवेश योजना या ऑनलाइन ऑफर के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी डिजिटल भुगतान से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था का सत्यापन अवश्य करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
Author: Sangam Dubey
छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com





