सेमरदर्री शिविर में 616 आवेदन, 18 पंचायतों के ग्रामीणों को मिला लाभ

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड स्थित सेमरदर्री में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराईं। शिविर में कुल 616 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया संबंधित विभागों द्वारा शुरू कर दी गई है।

जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि मौके पर ही समाधान उपलब्ध कराना और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण और ई-केवाईसी जैसी सेवाएं भी दी गईं। जिले में कुल 13 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 10 ग्रामीण और 3 नगरीय क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए। राजस्व विभाग ने 11 हितग्राहियों को आबादी पट्टा, एक को वनाधिकार के तहत किसान किताब और एक को नई किसान किताब दी। परिवहन विभाग ने 10 लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस सौंपे, जबकि मछली पालन विभाग ने दो हितग्राहियों को जाल और ट्रे वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, एक शिशु का अन्नप्राशन और 11 बालिकाओं को नोनी सुरक्षा योजना का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज