बस्तर की बौद्धिक राजधानी है कांकेर, शिक्षा से ही संभव सकारात्मक बदलाव: वित्तमंत्री ओपी चौधरी

रायपुर / उत्तर बस्तर कांकेर जिले को बस्तर की “बौद्धिक राजधानी” बताते हुए प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रक्रिया है।

‘कांकेर के गौरव’ समारोह में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

कांकेर के जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित स्कूल शिक्षा विभाग के ‘कांकेर के गौरव’ कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं प्राचार्यों को सम्मानित करते हुए मंत्री श्री चौधरी ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए सोच भी बड़ी होनी चाहिए। संघर्ष, अभाव और दृढ़ इच्छाशक्ति ही वास्तविक सफलता की नींव होते हैं।

’कमजोरियों पर जीत ही सफलता की कुंजी’

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में इनोवेशन और मोटिवेशन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन पर विजय पाने की सीख दी। साथ ही प्राचार्यों से कहा कि वे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सृजनात्मक और आजीविकामूलक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करें।

‘कांकेर के गौरव’ समारोह में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

कार्यक्रम में सांसद श्री भोजराज नाग और विधायक श्री आशाराम नेताम ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रदेश और देश स्तर पर कांकेर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि ‘हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत जिले के विद्यार्थियों ने इस वर्ष उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।

’मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान’

समारोह में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 12वीं की कु. महेश्वरी, कुमारी अपर्णा विश्वास, श्री यश खोब्रागढ़े तथा कक्षा 10वीं की कुमारी ईशा दुर्गाशी शामिल हैं।

’कृतिका टेकाम ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान’

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर की कक्षा 10वीं की छात्रा कु. कृतिका टेकाम ने देशभर के 750 एकलव्य विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 142 हाई स्कूल एवं 63 हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रमुख उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज