सुशासन तिहार 2026 में गांव-गांव पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

रायपुर, 09 मई 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जशपुर जिले में आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले के मनोरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम खरसोता-बिछीटोली में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन योजना) के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से पहुंचे पहाड़ी कोरवा परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया। शिविर में पोषण, टीकाकरण, मातृ स्वास्थ्य और सामान्य बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य सेवाएं गांव के समीप उपलब्ध होने से ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है, बल्कि दूरस्थ और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों तक बुनियादी सुविधाएं और सेवाएं भी प्रभावी रूप से पहुंचा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है