खैरागढ़, 13 मई 2026// आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में खाद, बीज एवं कीटनाशकों की जांच अभियान तेज कर दी गई है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में मंगलवार को विभिन्न कृषि केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
इसी दौरान विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध रूप से उर्वरक भंडारण का मामला सामने आया। जांच में मोतीपाल के गोदाम में बिना नाम, कंपनी एवं बैच नंबर वाली सफेद प्लास्टिक बोरियों में उर्वरक भंडारित पाया गया। कृषि विभाग की टीम ने मौके से नमूना लेकर गोदाम को सीलबंद किया तथा लगभग 600 बोरी उर्वरक जब्त किए। सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।




