राजधानी से जनता तक/आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम गुदगुदा के एक किसान के साथ कथित मारपीट और उसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से नाराज सतनामी समाज के सैकड़ों लोगों ने शनिवार को आरंग थाना पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 9 मई को आरंग के गुल्लू क्षेत्र के पास एक लावारिस ट्रक बरामद किया गया था, जिसमें 19 मवेशी भरे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरंग थाना लाया और मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान ग्राम गुदगुदा निवासी किसान बालकुमार कुर्रे को जानकारी मिली कि उसके कुछ मवेशी चराई के बाद घर नहीं लौटे हैं। अपने मवेशियों की पहचान करने वह थाना पहुंचा था।
आरोप है कि थाना परिसर में रायपुर निवासी कथित गौसेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों ने किसान बालकुमार कुर्रे के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल भी कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में समाज के लोग शनिवार को आरंग थाना पहुंचे और थाना का घेराव करते हुए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि थाना परिसर में एक किसान के साथ इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समाज के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बातचीत चली।
एडिशनल एसपी रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
पुलिस के आश्वासन और मामला दर्ज होने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और वापस लौट गए। हालांकि, मामले का दूसरा पहलू यह भी सामने आया है कि मवेशियों से भरे लावारिस ट्रक के संबंध में पुलिस अब तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
इधर, सतनामी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कलेक्टरेट का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




