तेज बहाव ने ली जान: सहसपुर के बुजुर्ग नदी में बहे, खुटेरी के पास मिला शव, इलाके में मातम

तेज बहाव ने ली जान: सहसपुर के बुजुर्ग नदी में बहे, खुटेरी के पास मिला शव, इलाके में मातम

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में सहसपुर निवासी थनवार यादव (55 वर्ष) की नदी के तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे थनवार यादव सहसपुर नदी पार कर घुरसा रोड की ओर जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। नदी पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की। कुछ समय बाद खुटेरी गांव के पास ग्रामीणों ने नदी में एक शव बहते हुए देखा। गांव के युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। पहचान करने पर शव सहसपुर निवासी थनवार यादव का निकला। ग्रामीणों के अनुसार जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और पूरी सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Omkar Parvate
Author: Omkar Parvate