नागपुर में रची साजिश, छुईखदान में दिया चोरी को अंजाम; तीन आरोपी गिरफ्तार

 

22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त, करीब 44.75 लाख रुपये का मशरूका बरामद

छुईखदान । साइबर सेल एवं थाना छुईखदान पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा वाहन बरामद किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र साहू पिता कुंवरसिंह साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी रामपुर नवागांव, थाना छुईखदान; अक्षय गुरूवे पिता श्यामसुंदर गुरूवे, उम्र 21 वर्ष, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) तथा अनिकेत मेश्राम पिता शेखर मेश्राम, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

 *14 अगस्त को दर्ज हुई थी रिपोर्ट* 

पुलिस के अनुसार प्रार्थी शांतिलाल जैन पिता गोकुलचंद जैन, उम्र 75 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, जैन मोहल्ला छुईखदान ने 14 अगस्त 2026 को थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर वहां रखे पुराने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। प्रार्थी ने चोरी गए आभूषणों का वजन करीब 20 से 25 किलो बताया था।

रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

*सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग* 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों एवं चोरी गए माल की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ में महेन्द्र साहू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए उसके दो साथियों अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम की संलिप्तता का पता लगाया।

*नागपुर में बनाई थी चोरी की योजना* 

पुलिस के मुताबिक महेन्द्र साहू ने 9 अगस्त को नागपुर जाकर अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ छुईखदान स्थित दुकान में चोरी की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार दोनों साथी 13 अगस्त को एक्टिवा लेकर नागपुर से छुईखदान पहुंचे।

तीनों आरोपियों ने रात में लोहे की रॉड, पेचकस एवं चाकू लेकर दुकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटने के बाद दुकान में प्रवेश किया और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

*तालाब में छिपाया था चोरी का माल* 

चोरी के बाद आरोपियों ने जेवरात को नवागांव स्थित तालाब में डुबाकर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी महेन्द्र साहू की निशानदेही पर तालाब से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके बाद नागपुर जाकर पुलिस टीम ने अक्षय गुरूवे एवं अनिकेत मेश्राम को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना एवं घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा वाहन जब्त किया है।

 

*न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी* 

अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर तीनों आरोपियों को 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

उक्त कार्रवाई में साइबर सेल एवं थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ, जिला केसीजी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu