आकस्मिक निरीक्षण में शिक्षा गुणवत्ता की सराहना, गणित प्रशिक्षण पर दिया विशेष जोर

जिला प्रमुख नवीन दांदडें  राजधानी से जनता तक सुकमा – शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने एवं शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डाइट दंतेवाड़ा के प्राचार्य  शैलेश सिंह ने बालक आश्रम कुड़मेलपारा, हाई स्कूल मूर्तोंडा तथा बालक आश्रम गोंडेरास का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में अध्यापन स्तर का गहन आकलन कर संतोष व्यक्त किया और शिक्षकों के प्रयासों की खुले मन से सराहना की।

रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने जीता दिल

बालक आश्रम कुड़मेलपारा में ‘बाला पेंटिंग’ एवं विद्यार्थियों द्वारा पत्थरों पर की गई आकर्षक और सृजनात्मक चित्रकारी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की कल्पनाशीलता, रंग संयोजन और कलात्मक अभिव्यक्ति देखकर प्राचार्य श्री सिंह अत्यंत प्रभावित हुए।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विषय आधारित प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ सटीक उत्तर दिया, जिससे उनकी शैक्षणिक समझ और अभ्यास का स्तर स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। बच्चों ने स्वयं निर्मित सुंदर फ्लॉवर पॉट भेंट कर प्राचार्य का आत्मीय स्वागत किया, जो उनके सृजनात्मक कौशल और संस्कारों को दर्शाता है।

गणित में नवाचार, प्रशिक्षण की पहल

बालक आश्रम गोंडेरास में गणित विषय, विशेषकर भिन्न के सवालों को सरल एवं रोचक तरीके से हल करने की विधि देखकर प्राचार्य ने शिक्षकों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गणित को सरल, रुचिकर और भयमुक्त बनाना समय की आवश्यकता है।

इसी उद्देश्य से उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी  जी.आर. मंडावी से चर्चा कर जिले के शिक्षकों के लिए जिला स्तरीय गणित प्रशिक्षण आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि शिक्षण पद्धतियों में और अधिक सुधार लाया जा सके तथा विद्यार्थियों में गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो।

शिक्षा गुणवत्ता सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम

इस अवसर पर डाइट दंतेवाड़ा के व्याख्याता श्री पुरुषोत्तम साहू एवं  संतोष मिश्रा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालयों में अपनाई जा रही नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को सराहनीय बताते हुए उन्हें अन्य शालाओं में भी लागू करने का सुझाव दिया।

यह आकस्मिक निरीक्षण न केवल शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि जिले में शिक्षा गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

टॉप स्टोरीज