रायपुर। ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस ने 3Stumps ऐप से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संदीप इसरानी उर्फ गोलू और मनसून रजा सट्टा ऐप के संचालन में इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नंबर और बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। दोनों आरोपी मुख्य सरगना बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के लिए काम कर रहे थे, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीणों से छलपूर्वक मोबाइल नंबर और बैंक खाते हासिल कर उन्हें सट्टा नेटवर्क में उपयोग करते थे। सट्टे से प्राप्त अवैध रकम इन खातों में ट्रांसफर की जाती थी और बाद में कमीशन के बदले वापस मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस ने बताया कि संदीप इसरानी मुख्य आरोपी का रिश्तेदार है और सट्टे से कमाई गई रकम को व्यापार में भी उपयोग कर रहा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
इस मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि वित्तीय लेनदेन और म्यूल बैंक खातों की जांच अभी जारी है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 14 मामलों में 71 आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये की संपत्ति और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जा चुके हैं।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




