ओवरटेक की होड़ में हादसे से बाल-बाल बचा परिवार, तेज रफ्तार बसों पर कार्रवाई की चेतावनी

राजिम -:शादी-विवाह के सीजन में यात्री बसों में बढ़ती भीड़ और सवारियां उठाने की होड़ अब सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा बनती जा रही है। फिंगेश्वर-राजिम मार्ग पर निजी बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गुरुवार सुबह राजिम पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार बस के ओवरटेक करने से मोटरसाइकिल सवार परिवार को अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे रेती के ढेर पर चढ़ना पड़ा।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह लगभग 7.45 बजे फिंगेश्वर से राजिम की ओर आ रही सुनंदा ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 23 ए 2300 राजिम पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक को तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रही थी। उसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार दंपति अपने दो बच्चों के साथ राजिम की ओर से महासमुंद की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस इतनी तेज गति से सामने आई कि मोटरसाइकिल चालक को बचने के लिए सड़क किनारे पड़े रेती के ढेर पर गाड़ी चढ़ानी पड़ी। इससे परिवार किसी तरह बाल-बाल बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि मोटरसाइकिल चालक थोड़ी भी देर करता तो गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी। बताया गया कि सुनंदा ट्रेवल्स की दूसरी बस भी मात्र एक मिनट के अंतराल में इस बस से आगे थी, जिसके कारण दोनों बसों के बीच आगे निकलने की होड़ और तेज हो गई थी।

घटना के बाद बस मालिक अनिल साहू को मौके से फोन कर जानकारी दी गई। इस पर उन्होंने अफसोस जताते हुए संबंधित चालक को तत्काल समझाइश देने की बात कही।

अंचल के लोगों का कहना है कि शादी-विवाह के सीजन में निजी बसों में सवारियां भरने की होड़ इतनी बढ़ जाती है कि बस चालक यात्रियों को उठाने के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। इससे सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है, वहीं बस में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है।

यात्रियों ने यह भी बताया कि भीड़भाड़ के दौरान बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं। गर्मी के इस मौसम में ठसाठस भरी बसों में सफर करना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा मनमाने तरीके से किराया वसूलने, कंडक्टरों द्वारा छुट्टे पैसे नहीं लौटाने और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी अथवा उठाईगिरी जैसी घटनाओं की शिकायतें भी लगातार सामने आती रहती हैं।

जिला परिवहन अधिकारी रवीन्द्र ठाकुर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में सवारी बसों की ओवरस्पीड बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले की जांच करेंगे और संबंधित बसों पर कार्रवाई की जाएगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज