भुलाटोला के पास दर्दनाक हादसा, युवक गंभीर घायल; चार युवक हिरासत में, शराब के नशे की भी चर्चा
छुईखदान। ग्राम भुलाटोला के पास रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार थार वाहन ने सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मिथलेश कुमार (24), निवासी कटोरी खोलवा, सूरजपुर, वाहन के सामने वाले टायर में फंस गया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब चार किलोमीटर तक घसीटता चला गया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कई राहगीर भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार मिथलेश अपनी पत्नी को उसके मायके ग्राम भुलाटोला छोड़कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। तभी छुईखदान की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार ने राधे होंडा शोरूम के सामने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

बताया गया कि थार का टायर पंचर होने के बाद ग्राम डीमरिन कुआं और भुलाटोला के बीच वाहन रुक गया। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने वाहन को घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने वाहन में सवार चार युवकों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल मिथलेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे में उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थार क्रमांक CG 07 CS 1457 में सतिश पांडे, राज शर्मा, देव राव और संतोष कुमार सवार थे। बताया जा रहा है कि वे छिंदारी बांध घूमकर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन से शराब की बोतलें भी मिलीं और चारों युवकों के नशे में होने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल चारों युवक छुईखदान पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति, चालक की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।






