दिल्ली तक फैले ड्रग्स नेटवर्क पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी पुलिस ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी देश के विभिन्न राज्यों सहित छत्तीसगढ़ में कोकीन की सप्लाई कर रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मादक पदार्थ को बीपी मशीन के डिब्बे में छिपाकर कोरियर के जरिए भेजा जाता था। इस नेटवर्क का संचालन नाइजीरिया से किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और तीन चेकबुक जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों का उपयोग ड्रग्स के लेनदेन के लिए कमीशन पर कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, बीते छह महीनों में करीब दो करोड़ रुपये के ड्रग्स ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है, जबकि आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ थाना देवेंद्र नगर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस पूरे नेटवर्क का खुलासा पहले 19 मार्च 2026 को देवेंद्र नगर क्षेत्र में कोकीन के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ था। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और तिलक नगर क्षेत्र में दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से कोकीन सप्लाई के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज