खैरागढ़ । भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा नगर निकायों एवं जनपद पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं प्रभारी अधिकारी (पर्यटन) प्रेम कुमार पटेल द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पद्म पुरस्कारों का उद्देश्य समाज सेवा, कला, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाले गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है। विशेष रूप से सुदूर वनांचल, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने लाने पर जोर दिया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार स्थानीय स्तर पर समाचार पत्रों, सूचना पटलों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान व्यक्तियों की पहचान कर उनके नामांकन को प्रोत्साहित किया जाएगा। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डॉक्टरों एवं वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी सेवक तथा सार्वजनिक उपक्रम (PSU) के कर्मचारी पुरस्कार हेतु पात्र नहीं होंगे।
सभी नामांकन केवल भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल(https://awards-gov-in) पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित निकायों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र के योग्य एवं पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव अनुशंसा सहित 30 जून 2026 तक जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा में उन्हें अग्रेषित किया जा सके।



