रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में तीसरे दिन नॉकआउट राउंड के मुकाबले उत्साह के साथ खेले गए। यूनियन क्लब में आयोजित मैचों में रामेश्वर मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली, जबकि सुशील अग्रवाल और टीकम वर्मा अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहे।
रामेश्वर मिश्रा ने अंतिम राउंड में चंदन साहू को 30-9 के बड़े अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। इससे पहले उन्होंने सत्येंद्र कर को 30-17 और सत्यप्रकाश दुबे को 30-5 से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
ग्रुप बी में सुशील अग्रवाल ने संतोष साहू (सीनियर) को 30-17 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पहले उन्होंने अमित मिश्रा और पंकज सिंह को भी एकतरफा मुकाबलों में हराया। वहीं ग्रुप सी में टीकम वर्मा और टिकेश्वर पटेल के बीच कांटे की टक्कर में टीकम ने 30-28 से जीत दर्ज कर ग्रुप में पहला स्थान पाया।
प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही। अब 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शेष एकल व युगल मुकाबलों के साथ फाइनल मैच खेले जाएंगे, जिसमें खिताबी मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




