रेलवे सुरक्षा बल के लिए मेडिटेशन और मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मुख्यालय में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों के लिए शनिवार को रेल क्लब में हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेशन और स्वास्थ्य जागरूकता एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और बल सदस्यों ने भाग लिया।

सुबह 9 से 10 बजे तक आयोजित मेडिटेशन सेशन में करीब 140 अधिकारी और जवान शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को मानसिक एकाग्रता, तनाव नियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने के तरीके बताए गए।

इसके बाद 11 बजे से स्वास्थ्य जागरूकता एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

शिविर में स्टेट मेंटल हॉस्पिटल सेन्द्री बिलासपुर के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. आशुतोष तिवारी, अपोलो अस्पताल बिलासपुर के डॉ. अनिल कुमार यादव और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत रंजन पाण्डेय ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को मानसिक संतुलन बनाए रखने, कार्यस्थल के तनाव को कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना और उन्हें तनावमुक्त वातावरण में कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है