सुकमा में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस गरिमा के साथ संपन्न, मनरेगा बचाओ अभियान का संकल्प

राजीव भवन में ध्वजारोहण, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया गया संकल्प

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस सुकमा जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए बलिदानों तथा लोकतंत्र और संविधान के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को स्मरण किया गया।

रविवार को जिला मुख्यालय सुकमा स्थित राजीव भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा की उपस्थिति में स्थापना दिवस समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पार्टी के ध्वज के विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने झंडे को सलामी दी।

ध्वजारोहण उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर भ्रमण किया। इस दौरान पार्टी के संस्थापकों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को स्मरण करते हुए नारे लगाए गए। पूरे नगर में कांग्रेस झंडों, नारों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से उत्सव का माहौल बना रहा।

कांग्रेस का इतिहास देश की आज़ादी और संविधान से जुड़ा है – हरीश कवासी लखमा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास भारत की आज़ादी, संविधान निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा,हम उन महान बलिदानियों को नमन करते हैं जिन्होंने देश को अंग्रेज़ी गुलामी से मुक्त कराया, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता जैसे मूल्यों को मजबूत किया। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज़ है, जो हर कमजोर, वंचित और मेहनतकश के साथ खड़ी रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी नफ़रत, अन्याय व तानाशाही के खिलाफ सत्य और साहस के साथ लड़ाई जारी रखेगी।

मनरेगा बचाओ अभियान की घोषणा, 5 जनवरी से होगी शुरुआत

स्थापना दिवस कार्यक्रम के समापन के पश्चात कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ अभियान शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 5 जनवरी से इस अभियान की विधिवत शुरुआत की जाएगी।

कार्यकर्ताओं द्वारा ली गई शपथ में कहा गया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की हर हाल में रक्षा की जाएगी। मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि संविधान से प्राप्त काम का अधिकार है।

ग्रामीण मज़दूरों के सम्मान, रोज़गार, मज़दूरी और समय पर भुगतान के अधिकार के लिए संगठित होकर संघर्ष किया जाएगा। मांग-आधारित रोज़गार, ग्राम सभा के अधिकार और मज़दूर हितों की रक्षा की जाएगी। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने या मज़दूरों के अधिकार कमजोर करने की किसी भी साज़िश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाने, मज़दूरों के अधिकारों की रक्षा करने और गाँव-गाँव अपनी आवाज़ बुलंद करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज