सुकमा में शुरू हुआ “तेरे मेरे सपने” विवाह पूर्व संवाद केंद्र, युवाओं को मिलेगा परामर्श और मार्गदर्शन

राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में समर्पित सेवा संस्था की पहल,

स्वस्थ एवं सुदृढ़ वैवाहिक जीवन की दिशा में बढ़ाया कदम

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और दो जीवन यात्राओं का मिलन है। वैवाहिक जीवन में आपसी समझ, विश्वास, सम्मान और संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए सुकमा में “तेरे मेरे सपने” प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर (विवाह पूर्व संवाद केंद्र) का शुभारंभ किया गया है।

समर्पित सेवा संस्था, सुकमा द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं और भावी दंपत्तियों को विवाह से पहले आवश्यक परामर्श, मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग उपलब्ध कराना है। केंद्र के माध्यम से भावी दंपत्तियों को विवाह से जुड़े सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत विषयों पर खुलकर संवाद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे अपने भविष्य को लेकर बेहतर समझ और सकारात्मक निर्णय विकसित कर सकें।

विवाह से पहले संवाद पर जोर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने कहा कि वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों की रोकथाम के लिए विवाह से पूर्व संवाद और परामर्श को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “तेरे मेरे सपने” दोनों के साझा सपनों और साझा जीवन की अवधारणा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि विवाह की तैयारियों के साथ यह समझना भी जरूरी है कि दोनों व्यक्ति अपने जीवन, अपेक्षाओं, जिम्मेदारियों और भविष्य को किस प्रकार मिलकर आगे बढ़ाएंगे। साथ ही कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का सहयोग किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी विवाह से पहले विचार होना चाहिए। इसी सोच के साथ प्रत्येक जिले में “तेरे मेरे सपने” प्री-मैरिटल सेंटर स्थापित करने की पहल की गई है।

परिवार में सौहार्द और विश्वास मजबूत करने में होगी मदद

समर्पित सेवा संस्था के सचिव डॉ. जगदीश झिरे ने कहा कि यह केंद्र युवाओं एवं भावी दंपत्तियों को उचित परामर्श और मार्गदर्शन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विवाह से पहले सही संवाद और समझ विकसित होने से परिवारों में सौहार्द, सम्मान, विश्वास और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

केंद्र में विवाह पूर्व काउंसलिंग के माध्यम से भावी दंपत्तियों को आपसी अपेक्षाओं, जिम्मेदारियों, पारिवारिक परिस्थितियों, संवाद के तरीके और भविष्य की योजनाओं जैसे विषयों पर समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में श्री राजेश नाग (सदस्य), सुश्री मोनिका सहित समर्पित सेवा संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संपर्क:

डॉ. जगदीश झिरे – 8149481805

समर्पित सेवा संस्था, सुकमा – 062686 44916

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है